*Thu, Jul 23, 2026 | Updated 12:07 PM IST*
*ग्रामीण भारत न्यूज | छत्तीसगढ़ – अंबिकापुर*
—
*अंबिकापुर* | सरगुजा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक उपसरपंच के पति पर 14 वर्षीय नाबालिग आदिवासी छात्रा को अश्लील वीडियो दिखाकर दुष्कर्म करने, धमकी देने और पैसे का लालच देकर मामले को दबाने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत और ग्रामीणों के आक्रोश के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
#### *क्या है पूरा मामला*
कोतवाली थाना क्षेत्र के एक गांव की 7वीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा सुबह-शाम उपसरपंच के घर काम करती थी। वह दिन में स्कूल जाती थी और शाम को उपसरपंच के घर खाना बनाती थी। पीड़िता के परिजनों के अनुसार उपसरपंच ने छात्रा के रिश्तेदारों से उसकी शादी का पूरा खर्च उठाने का वादा भी कर रखा था। इसी भरोसे के चलते परिवार ने बेटी को वहां काम पर भेजा था।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि *20 जुलाई 2026 की शाम* वह किचन में खाना बना रही थी। उसी दौरान उपसरपंच के पति *तरुण जायसवाल* ने पीछे से उसे पकड़कर कमरे में ले गया। आरोप है कि आरोपी ने पहले मोबाइल में अश्लील वीडियो दिखाया और कहा “तुम्हारे साथ ऐसा ही करना है”। इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। जब छात्रा ने शोर मचाने की कोशिश की तो आरोपी ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। घटना के समय घर में आरोपी अकेला था।
रात 10 बजे तक जब छात्रा घर नहीं लौटी तो बड़ी बहन उसे बुलाने गई। आरोपी ने बहाने से उसे वापस भेज दिया। रात 11 बजे दोबारा जाने पर छात्रा बहन के साथ घर लौटी और रोते हुए मां को पूरी आपबीती सुनाई। इसी बीच पीछे से आरोपी भी आ गया और खाना न बनाने का आरोप लगाकर फिर से घर ले जाने का दबाव बनाने लगा। पिता के विरोध करने पर आरोपी वहां से भाग निकला।
#### *पैसे का लालच और धमकी*
पीड़िता के रिश्तेदारों का कहना है कि *21 जुलाई 2026* को आरोपी तरुण जायसवाल ने कुछ लोगों को पीड़िता के घर भेजकर पैसे का ऑफर दिया और साथ ही धमकी भी दिलवाई कि अगर रिपोर्ट की तो अंजाम बुरा होगा। आरोपी ने निगरानी भी लगवा दी थी। लेकिन पीड़िता के पिता ने पैसे लेने से साफ इनकार कर दिया और पूरे गांव के सामने बात रखी।
#### *ग्रामीणों का आक्रोश, थाने का घेराव*
*22 जुलाई 2026* को पूरा मामला गांव में फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़िता के परिजनों के साथ कोतवाली थाने पहुंचे और आरोपी की गिरफ्तारी व कड़ी कार्रवाई की मांग की। बुधवार सुबह से देर शाम तक ग्रामीण थाने में डटे रहे। ग्रामीणों का कहना था कि अगर आरोपी पर तुरंत कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे।
#### *पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपी हिरासत में*
ग्रामीणों के दबाव और पीड़िता के पिता की लिखित शिकायत के बाद कोतवाली पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने आरोपी तरुण जायसवाल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। नाबालिग को मेडिकल जांच के लिए *मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर* भेजा गया। *रात करीब 10 बजे* उसका मेडिकल टेस्ट हुआ। डॉक्टरों ने कुछ अन्य जांचों के लिए उसे गुरुवार को फिर बुलाया है।
घटना के बाद से फरार आरोपी तरुण जायसवाल को पुलिस ने *अंबिकापुर के चोपड़ापारा इलाके* से हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ जारी है।
*HighLights*
– *अश्लील वीडियो दिखाकर बनाया गया हवस का शिकार*
– *ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर इंसाफ की मांग की*
– *हंगामे के बाद पुलिस हरकत में आई, आरोपी गिरफ्तार*
#### *समाज में आक्रोश*
इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में गुस्सा है। ग्रामीणों और समाजसेवियों ने मांग की है कि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा मिले और पीड़िता को सरकारी सहायता व सुरक्षा दी जाए। महिला संगठनों ने भी इस मामले को लेकर जल्द सुनवाई और फास्ट ट्रैक कोर्ट में विचार की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है। पीड़िता और उसके परिजनों को सुरक्षा दी गई है। मामले में POCSO एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराएं लगाई गई हैं।
*ब्यूरो रिपोर्ट –
—
*नोट:* ग्रामीण भारत न्यूज पीड़िता की पहचान उजागर नहीं कर रहा है। नाबालिगों से जुड़े ऐसे मामलों में कानून के अनुसार पीड़िता का नाम और पहचान गुप्त रखना जरूरी है।
और भी ताजा खबरों के लिए जुड़े रहें *ग्रामीण भारत न्यूज* के साथ।




















