🚨 बड़ी खबर: 17 वर्षीय नाबालिग को लेकर ओडिशा पहुंचा युवक, पुलिस ने हिमगीर से किया दस्तयाब — दुष्कर्म के आरोप में आरोपी गिरफ्तार
🔥 अभियान संवेदना के तहत चक्रधरनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
📍 रायगढ़ से ओडिशा तक पुलिस की तलाश, किराये के मकान से बालिका बरामद; आरोपी की एक्टिवा भी जब्त
रायगढ़, 30 सितंबर। अभियान संवेदना के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने लापता 17 वर्षीय नाबालिग बालिका की तलाश कर उसे ओडिशा के हिमगीर से दस्तयाब किया है। मामले की जांच के दौरान बालिका के साथ दुष्कर्म किए जाने के आरोप में मनीष सिदार उर्फ साहिल (19 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
🚨 घर से निकली नाबालिग, ओडिशा तक पहुंचा मामला
जानकारी के अनुसार, 31 अगस्त 2026 को चक्रधरनगर थाने में एक महिला ने अपनी 17 वर्षीय पुत्री के 13 अगस्त की शाम बिना बताए घर से चले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 440/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को संदेही मनीष सिदार उर्फ साहिल के साथ बालिका के हिमगीर, जिला सुंदरगढ़, ओडिशा में होने की जानकारी मिली। इसके बाद चक्रधरनगर पुलिस की टीम ने तत्काल हिमगीर पहुंचकर तलाश शुरू की।
📵 मोबाइल बंद… मकान बदला और फरार हो गया आरोपी
पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी और बालिका ने मोबाइल फोन बंद कर लिया था और मकान भी बदल लिया था। आरोपी पुलिस की दबिश की भनक लगते ही लगातार ठिकाने बदल रहा था।
पुलिस ने लगातार पतासाजी जारी रखी और 2 सितंबर 2026 को हिमगीर स्थित एक किराये के मकान से 17 वर्षीय बालिका को दस्तयाब कर रायगढ़ लाया।
हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी मौके से फरार हो गया था।
⚠️ बालिका के बयान के बाद जुड़ीं गंभीर धाराएं
रायगढ़ लाने के बाद महिला पुलिस अधिकारी द्वारा बालिका का कथन कराया गया। पीड़िता एवं गवाहों के कथनों के आधार पर आरोपी द्वारा बालिका की नाबालिग होने की जानकारी के बावजूद उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने की बात सामने आने पर प्रकरण में धारा 87, 64(2)(M) बीएनएस एवं धारा 6 पॉक्सो एक्ट जोड़ी गई।
बालिका की सीडब्ल्यूसी से काउंसलिंग कराई गई तथा न्यायालय में भी उसका कथन कराया गया।
🛵 मोबाइल गिरवी रखे, ₹6 हजार लिए और एक्टिवा से पहुंचा हिमगीर
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बालिका को करीब चार वर्षों से जानता था और दोनों के बीच इंस्टाग्राम के माध्यम से सामान्य बातचीत होती थी।
आरोपी के अनुसार, 14 अगस्त 2026 को उसने अपना मोबाइल फोन दोस्त के पास गिरवी रखकर 6 हजार रुपये लिए और अपनी एक्टिवा स्कूटी से बालिका को लेकर हिमगीर, जिला सुंदरगढ़, ओडिशा पहुंचा।
वहां वह बालिका के साथ अपने परिचित के घर रहने लगा। पुलिस की दबिश के बाद आरोपी ने कथित तौर पर दूसरा किराये का मकान ले लिया और अपना ठिकाना बदल दिया।
🚔 पुलिस की दबिश पड़ते ही स्कूटी छोड़कर भागा
2 सितंबर 2026 को चक्रधरनगर पुलिस एवं ओडिशा पुलिस की टीम द्वारा तलाश किए जाने के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया और अपनी एक्टिवा वहीं छोड़ गया।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG 13 AA 4590 को ओडिशा से रायगढ़ लाकर जब्त कर लिया।
लगातार पतासाजी के बाद पुलिस ने आरोपी साहिल सिदार उर्फ मनीष, पिता उदल सिदार, उम्र 19 वर्ष, निवासी चक्रधरनगर को गिरफ्तार कर लिया।
🔒 जेल भेजा गया आरोपी
पुलिस द्वारा प्रकरण में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
चक्रधरनगर पुलिस की इस कार्रवाई में लापता नाबालिग की तलाश से लेकर ओडिशा तक दबिश और फरार आरोपी की गिरफ्तारी तक लगातार पुलिस प्रयास सामने आया है।
—
संवाददाता:– विनोद कुमार चौहान
ग्रामीण भारत न्यूज रायगढ़




















