🔴 पैसे की लालच ने ली एक निर्दोष की जान 19 वर्षीय युवक समेत 4 विधि से संघर्षरत बालक अभिरक्षा में, बटन चाकू, खून से सने कपड़े और बाइक जब्त!
📍 रायगढ़, छत्तीसगढ़ | 25 अक्टूबर 2026
रायगढ़ में अपराधियों के हौसले किस कदर बढ़ रहे हैं, इसका सनसनीखेज मामला ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास सामने आया है। यहां ट्रक के पास सो रहे एक व्यक्ति की लूटपाट का विरोध करने पर चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि, जूटमिल पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर हत्याकांड का खुलासा करने का दावा किया है।
🔪 जेब से रुपये निकालने पहुंचे थे आरोपी, विरोध पड़ा भारी!
पुलिस के मुताबिक, 23 अक्टूबर की रात करीब 1 बजे आरोपी कथित तौर पर लूटपाट की नीयत से ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड पहुंचे थे। वहां सड़क किनारे खड़े ट्रक के पास एक व्यक्ति सो रहा था। आरोप है कि आरोपियों ने उसकी जेब से रुपये और मोबाइल निकालने की कोशिश की।
इसी दौरान व्यक्ति की नींद खुल गई और उसने विरोध किया। फिर क्या था! पुलिस के अनुसार, आरोपियों में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक ने बटन चाकू से मृतक की भुजा, सीने, जांघ और पीठ पर लगातार वार कर दिए। गंभीर चोटों के चलते व्यक्ति की मौत हो गई।
💸 सिर्फ 700 रुपये के लिए चली गई जान!
पुलिस की जांच में सामने आए घटनाक्रम के अनुसार, वारदात के बाद आरोपियों ने मृतक की जेब से 700 रुपये निकाले और आपस में बांट लिए। जिस रकम के लिए एक व्यक्ति की जान चली गई, उस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
🚔 CCTV फुटेज और मुखबिरों ने खोला राज!
24 अक्टूबर की सुबह ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पर जूटमिल पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। मृतक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष बताई गई। उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले।
शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु हत्यात्मक पाए जाने के बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 656/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर मिट्ठूमुड़ा, बजरंगपारा और सांगीतराई क्षेत्र में दबिश दी गई।
पुलिस ने 19 वर्षीय राजेश्वर सारथी उर्फ समारू और चार विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ के दौरान वारदात में उनकी कथित संलिप्तता सामने आने की बात पुलिस ने कही है।
🛑 चाकू, खून से सने कपड़े और बाइक जब्त
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कथित वारदात में इस्तेमाल किया गया बटन चाकू, रक्तरंजित कपड़े और मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 M 3674 जब्त की है। पुलिस के अनुसार, मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 भी जोड़ी गई है। आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
👮 SSP शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि गंभीर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता है। अपराध कर कानून से बचने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
📢 24 घंटे में खुलासे का दावा, लेकिन कई सवाल छोड़ गई वारदात!
ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास हुई इस घटना ने सार्वजनिक स्थानों पर रात के समय सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बीच अब मामले में आगे की न्यायिक प्रक्रिया और जांच पर सबकी नजरें टिकी हैं।
✍️ संवाददाता:– विनोद कुमार चौहान
📰 ग्रामीण भारत न्यूज रायगढ़, छत्तीसगढ़




















