🏆 छर्राटांगर में खेलों का महाकुंभ संपन्न! 515 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, कांकेर क्लस्टर बना ओवरऑल चैंपियन
सांसद राधेश्याम राठिया ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह, बोले– खेल ही प्रतिभाओं को देता है नई पहचान और आगे बढ़ने का अवसर!
घरघोड़ा (रायगढ़), 30 अक्टूबर 2026।
एकलव्य विद्यालय छर्राटांगर में तीन दिनों तक चला खेलों का महासंग्राम आखिरकार रोमांचक मुकाबलों के साथ समाप्त हो गया। राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता-2026 के समापन पर मैदान में खिलाड़ियों का जोश, जुनून और जीत का जज्बा देखने लायक रहा। छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्लस्टरों से पहुंचे लगभग 515 बालक खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर सबका ध्यान आकर्षित किया।
इस खेल महाकुंभ में कांकेर क्लस्टर ने अपने शानदार प्रदर्शन से बाजी मारते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम कर लिया।
🔴 देखिए किस खेल में किसने मारी बाजी!
🏅 कबड्डी: धमतरी प्रथम, जीपीएम द्वितीय, सरगुजा तृतीय।
🏅 खो-खो: कांकेर प्रथम, धमतरी द्वितीय, बलरामपुर तृतीय।
🏅 वॉलीबॉल: बलरामपुर प्रथम, जीपीएम द्वितीय, कांकेर तृतीय।
🏅 बास्केटबॉल: कांकेर प्रथम, बस्तर द्वितीय, बलरामपुर तृतीय।
🏅 फुटबॉल: कांकेर प्रथम, बलरामपुर द्वितीय, सुकमा तृतीय।
⭐ सांसद राधेश्याम राठिया ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया शामिल हुए। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत और हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का सशक्त जरिया है।
सांसद श्री राठिया की उपस्थिति ने समारोह की गरिमा बढ़ाई। उन्होंने जनजातीय अंचल की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करते हुए ऐसे आयोजनों को विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।
विशिष्ट अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ राज्य अंत्यावसाई सहकारी वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष श्री सुरेंद्र कुमार बेसरा एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री दीपक सिदार उपस्थित रहे। इसके अलावा जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री रामश्याम डनसेना, श्री मुकेश राठिया और श्रीकांत राठिया सहित अन्य अतिथि भी शामिल हुए।
🔥 तीन दिन तक मैदान में दिखा जुनून, अनुशासन और प्रतिभा का संगम
अतिथियों ने खिलाड़ियों को निरंतर मेहनत करने और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में विद्यालय प्रबंधन एवं आयोजन समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आयोजन के नोडल अधिकारी एवं एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय छर्राटांगर के प्राचार्य श्री मनीराम जांगड़े के मार्गदर्शन में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
यह प्रतियोगिता सिर्फ पदक जीतने का मंच नहीं, बल्कि ग्रामीण और जनजातीय अंचल की छिपी खेल प्रतिभाओं को राज्य स्तर पर पहचान दिलाने की एक शानदार पहल साबित हुई।
📢 ग्रामीण भारत न्यूज की विशेष नजर: छर्राटांगर के मैदान से निकली यह खेल प्रतिभाएं आने वाले समय में जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर सकती हैं।
✍️ संवाददाता:– विनोद कुमार चौहान
🔴 ग्रामीण भारत न्यूज रायगढ़, छत्तीसगढ़




















