*रायगढ़ | 11 अगस्त 2026 (ग्रामीण भारत News)*
शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं समर्पित सेवा के लिए शिक्षक *टिकेश्वर पटेल* को सर्वोदय फाउंडेशन द्वारा सम्मानित किया गया। रायगढ़ में आयोजित सम्मान समारोह में यह प्रतिष्ठित सम्मान वित्त मंत्री *ओपी चौधरी* के कर-कमलों से प्रदान किया गया।
*159 बच्चों का चयन कर लहराया परचम*
सम्मान समारोह में शिक्षक टिकेश्वर पटेल के कार्यों की विशेष सराहना की गई। उनके मार्गदर्शन में अब तक:
– *नवोदय विद्यालय में 112*
– *सैनिक स्कूल में 21*
– *एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में 26*
कुल *159 विद्यार्थियों का चयन* हुआ है। इसी वर्ष एकलव्य विद्यालय में 26 बच्चों का चयन होने से पूरा रायगढ़ जिला गौरान्वित है।
*”शिक्षक राष्ट्र निर्माण की नींव” – ओपी चौधरी*
इस अवसर पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि *”टिकेश्वर पटेल* के साथ मेरा मित्रवत संबंध है। इनके शिक्षकीय कार्य की मैं पहले भी फेसबुक पर प्रशंसा कर चुका हूं।”
उन्होंने कहा कि एक सशक्त समाज के निर्माण में शिक्षक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। एक समर्पित शिक्षक विद्यार्थियों के भविष्य को दिशा देने के साथ-साथ राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है।
*ग्रामीण बच्चों को आगे बढ़ाने का प्रयास*
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने, उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने तथा ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के प्रयासों को विशेष रूप से सराहा गया।
सर्वोदय फाउंडेशन के निदेशक *प्रशांत सिंह ठाकुर, राजेश गुप्ता, सुनील डनसेना* एवं अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि निष्ठा और सेवाभाव से कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित करना संस्था के लिए गौरव की बात है। ऐसे सम्मान से अन्य शिक्षकों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।
*टिकेश्वर पटेल ने जताया आभार*
सम्मान प्राप्त करने के बाद शिक्षक टिकेश्वर पटेल ने सर्वोदय फाउंडेशन एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि *”यह सम्मान मेरे लिए गौरव के साथ-साथ विद्यार्थियों के हित में और अधिक मेहनत करने की प्रेरणा है।”*
उन्होंने शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प भी व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि शिक्षक टिकेश्वर पटेल को इससे पहले भी *स्व. हरिवंश मिश्र राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान 2026* से सम्मानित किया जा चुका है।
सर्वोदय फाउंडेशन द्वारा किया गया यह सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में समर्पित शिक्षकों के प्रति समाज के सम्मान और विश्वास को दर्शाता है।
—
*संवाददाता:– विनोद चौहान*





















