घरघोड़ा | ग्रामीण भारत न्यूज | 21 अगस्त 2026
घरघोड़ा-तमनार क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए शुक्रवार का दिन खास रहा। सांसद राधेश्याम राठिया के गृह ग्राम छर्राटांगर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में स्वामित्व योजना के तहत 190 पात्र हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख पट्टा प्रदान किया गया। इनमें घरघोड़ा के 117 और तमनार के 73 हितग्राही शामिल रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया ने हितग्राहियों को पट्टा वितरित किया। पट्टा हाथ में आते ही वर्षों से भूमि के अधिकार का इंतजार कर रहे ग्रामीणों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई।
जमीन का कागज नहीं, सम्मान और सुरक्षा का अधिकार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद राठिया ने कहा कि स्वामित्व योजना महज जमीन का कागज देने की योजना नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण परिवारों को उनकी संपत्ति का अधिकार, सुरक्षा और सम्मान देने की दिशा में बड़ा कदम है।
उन्होंने कहा कि अधिकार अभिलेख मिलने से ग्रामीणों का अपनी भूमि पर कानूनी अधिकार मजबूत होगा और उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने में भी आसानी होगी।
घरघोड़ा में 6580, तमनार में 1711 हितग्राहियों को मिलेगा लाभ
कार्यक्रम में बताया गया कि स्वामित्व योजना के तहत घरघोड़ा क्षेत्र में कुल 6580 और तमनार क्षेत्र में 1711 हितग्राहियों को पट्टा वितरित किया जा रहा है। यानी बड़ी संख्या में ग्रामीण परिवारों को उनकी संपत्ति का अधिकार मिलने जा रहा है।
दीप प्रज्वलन से शुरुआत, स्कूली बच्चों ने जमाया रंग
कार्यक्रम की शुरुआत सांसद राधेश्याम राठिया ने दीप प्रज्वलित कर की। इसके बाद एकलव्य विद्यालय छर्राटांगर के विद्यार्थियों ने राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान की प्रस्तुति दी। ‘स्वागतम्-स्वागतम् स्वागत’ गीत और मनमोहक लोकनृत्य ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और हितग्राही मौजूद रहे।
वर्षों का इंतजार खत्म, अब संपत्ति पर मजबूत होगा अधिकार
सांसद राठिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकार ग्रामीणों को सशक्त बनाने और उन्हें उनके अधिकार दिलाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भूमि का अधिकार सिर्फ कागज नहीं, बल्कि परिवार की सुरक्षा, सम्मान और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की मजबूत नींव है।
संवाददाता :– विनोद कुमार चौहान
ग्रामीण भारत न्यूज, रायगढ़





















