घरघोड़ा/कटंगडीह | 27 अगस्त 2026 | ग्रामीण भारत न्यूज रायगढ़
घर की कमजोर आर्थिक स्थिति, खेत-मजदूरी और रोज सायकल से स्कूल का सफर… लेकिन हौसला इतना मजबूत कि मेहनत के आगे हर मुश्किल छोटी पड़ गई। ब्लॉक घरघोड़ा के ग्राम कटंगडीह की होनहार बेटी अंजलि चौहान ने NEET परीक्षा में सफलता हासिल कर न केवल अपने परिवार, बल्कि गांव और पूरे चौहान समाज का नाम रोशन किया है। अंजलि ने जशपुर नर्सिंग कॉलेज में अपना स्थान पक्का कर सफलता की नई इबारत लिखी है।
पिता की आंखों में आंसू, बेटी की कामयाबी पर गर्व
अंजलि के पिता राधेश्याम चौहान छोटे किसान-मजदूर हैं। बेटी की सफलता पर भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि उनकी बेटी ने जो कर दिखाया, वह उनके लिए किसी सपने से कम नहीं है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने बेटी की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी।
सायकल से शुरू हुआ सफर, मंजिल तक पहुंची मेहनत
अंजलि ने कक्षा 1 से 8 तक की पढ़ाई गांव के ही शासकीय स्कूल से पूरी की। इसके बाद कक्षा 9वीं से 12वीं तक विज्ञान विषय की पढ़ाई के लिए वह रोजाना सायकल से नवापारा टेंडा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जाती थीं।
धूप हो या बारिश, रास्ता आसान हो या मुश्किल—अंजलि ने कभी पढ़ाई से समझौता नहीं किया। रोज सायकल से स्कूल पहुंचकर पढ़ाई के प्रति उनकी लगन आखिरकार रंग लाई।
परिवार की सादगी, बेटी का बड़ा सपना
अंजलि के दादा श्री अमर लाल चौहान गांव में कोटवार हैं, जबकि उनकी माता श्रीमती मीरा बाई चौहान गृहिणी हैं। साधारण पारिवारिक परिस्थितियों में पली-बढ़ी अंजलि ने बड़े सपने देखने के साथ उन्हें पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत भी की।
चौहान समाज ने घर पहुंचकर किया सम्मान
अंजलि की सफलता की खबर मिलते ही चौहान समाज, ब्लॉक घरघोड़ा में खुशी की लहर दौड़ गई। चौहान समाज युवा प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने अंजलि के घर पहुंचकर फूल-मालाओं से सम्मान किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
बेटियों के लिए बनी प्रेरणा
अंजलि चौहान की सफलता सिर्फ एक परीक्षा में मिली कामयाबी नहीं, बल्कि यह संदेश है कि संसाधनों की कमी सपनों को रोक नहीं सकती, अगर हौसला मजबूत हो और मेहनत लगातार जारी रहे।
अंजलि ने कहा कि वह भविष्य में डॉक्टर बनकर अपने समाज और गांव का नाम रोशन करना चाहती हैं।
कटंगडीह की इस बेटी की सफलता ने साबित कर दिया है—मंजिल उन्हीं को मिलती है, जिनके हौसलों में उड़ान होती है।
=========================
संवाददाता:– विनोद कुमार चौहान
ग्रामीण भारत न्यूज रायगढ़





















