रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की महिलाओं को बड़ी आर्थिक सौगात दी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 25 अगस्त को बालोद जिले में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम के दौरान योजना की 31वीं मासिक किस्त जारी की। इस किस्त के तहत 67.28 लाख से अधिक पात्र महिलाओं के बैंक खातों में ₹631.38 करोड़ की राशि सीधे ट्रांसफर की गई।
सरकार ने इस बार सितंबर महीने की किस्त निर्धारित समय से पहले जारी की है। रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की महिलाओं को यह राशि उपहार के रूप में दी गई है। राशि का भुगतान डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में किया गया।
अब तक ₹20 हजार करोड़ से अधिक का भुगतान
महतारी वंदन योजना के माध्यम से अब तक प्रदेश की महिलाओं को ₹20,075.71 करोड़ से अधिक की राशि वितरित की जा चुकी है। योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं को हर महीने ₹1,000 की आर्थिक सहायता दी जाती है, यानी सालाना ₹12,000 की सहायता मिलती है।
महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का उद्देश्य
महतारी वंदन योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना, परिवार में उनकी निर्णायक भूमिका को मजबूत करना तथा स्वास्थ्य और पोषण के स्तर में सुधार करना है। योजना का लाभ पात्र विवाहित महिलाओं के साथ-साथ विधवा, तलाकशुदा और परित्यक्ता महिलाओं को भी दिया जाता है।
सरकार के अनुसार नियमित आर्थिक सहायता से महिलाओं को अपनी व्यक्तिगत जरूरतों और परिवार से जुड़े खर्चों में मदद मिल रही है। योजना के तहत राशि सीधे बैंक खाते में पहुंचने से भुगतान व्यवस्था में पारदर्शिता भी सुनिश्चित की जा रही है।
संवाददाता – झसकेतन राजहंस
ग्रामीण भारत न्यूज





















