घरघोड़ा। नगर में चोरों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका ताजा उदाहरण थाना परिसर से महज चंद कदमों की दूरी पर सामने आया है। बीती रात अज्ञात चोरों ने संतोष किराना और गोकुल चंद मामराज राशन दुकान की छत तोड़कर धावा बोल दिया। चोर नगदी और कीमती सामान समेत बड़ी मात्रा में किराना सामग्री लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे नगर में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने पहले दुकानों की छत को निशाना बनाया और ऊपर से अंदर प्रवेश किया। इसके बाद बेखौफ अंदाज में दोनों दुकानों को खंगालते हुए लाखों रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया।
संतोष किराना में बड़ी सेंधमारी
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक संतोष किराना दुकान से करीब 4 लाख रुपये नगद, चांदी के सिक्के, सोने के जेवरात, मोबाइल फोन सहित अन्य कीमती सामान चोरी होने की बात सामने आई है।
वहीं गोकुल चंद मामराज राशन दुकान से भी एक लाख रुपये से अधिक नकदी और बड़ी मात्रा में किराना सामग्री चोरी होने की जानकारी सामने आई है।
थाना के ठीक बगल में वारदात, सुरक्षा पर बड़ा सवाल!
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि दोनों दुकानों से कुछ ही दूरी पर थाना स्थित है। इसके बावजूद चोरों ने रात के अंधेरे में छत तोड़ी, दुकानों के अंदर घुसे और लाखों का माल समेटकर निकल गए। घटना ने नगर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि वारदात को जिस तरीके से अंजाम दिया गया है, उससे यह सामान्य चोरी नहीं बल्कि रेकी और पूरी प्लानिंग के बाद की गई वारदात प्रतीत होती है।
पहले भी हुई थी चोरी, अब व्यापारियों में बढ़ा डर
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी नगर में एक साथ तीन दुकानों में चोरी की घटना सामने आई थी। लगातार हो रही चोरी की वारदातों से व्यापारी वर्ग में डर के साथ-साथ आक्रोश भी बढ़ता जा रहा है।
व्यापारियों का सवाल साफ है—जब थाना के इतने करीब दुकानें सुरक्षित नहीं हैं, तो नगर के दूसरे हिस्सों में सुरक्षा का क्या हाल होगा?
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, वहीं संदिग्धों की पहचान और उनकी तलाश के लिए पुलिस जांच में जुटी हुई है।
फिलहाल चोरों का कोई सुराग हाथ लगा है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। व्यापारियों ने पुलिस और प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी, चोरी गए सामान की बरामदगी और नगर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है—थाने की चौखट से चंद कदम दूर लाखों की चोरी करने वाले इन बेखौफ चोरों तक पुलिस कब पहुंचेगी?
========================
संवाददाता:– विनोद कुमार चौहान





















