GBN
*ब्राइट न्यूज, बिलासपुर*
बिलासपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ जंग को अब नए स्तर पर पहुंचा दिया है। अब पुलिस सिर्फ छोटे-मोटे पैडलर्स को नहीं पकड़ रही, बल्कि नशे की जड़ तक जाकर पूरे नेटवर्क को तोड़ने का काम कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने पंजाब के खरड़ से एक बड़े सप्लायर को दबोच लिया है। उसके पास से 32.75 ग्राम चिट्टा मिला है।
#### *16 जुलाई की गिरफ्तारी से खुला राज*
ये पूरा मामला 16 जुलाई का है। उस दिन स्वारघाट थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान सुराहड़ के रहने वाले सुमन कुमार को 7.32 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया था।
पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की और फोन व तकनीकी सबूत खंगाले, तो पता चला कि इस माल की सप्लाई पंजाब के खरड़ से हो रही है।
#### *पंजाब में रेड, मुख्य सप्लायर गिरफ्तार*
इसके बाद बिलासपुर पुलिस की एक स्पेशल टीम तुरंत पंजाब भेजी गई। टीम ने खरड़ में छापा मारकर श्री मुक्तसर साहिब के रहने वाले सोनू कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
सोनू के पास से 32.75 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके साथ इस केस में अब तक कुल 40.07 ग्राम चिट्टा पकड़ा जा चुका है।
#### *बिलासपुर में होनी थी सप्लाई*
पूछताछ में पता चला है कि सोनू ये खेप बिलासपुर के अलग-अलग इलाकों में बेचने वाला था। अभी पुलिस उसके मोबाइल की कॉल डिटेल और संपर्कों को चेक कर रही है।
पुलिस ये भी पता लगा रही है कि इससे पहले उसने कितनी बार बिलासपुर में माल पहुंचाया और उसके साथ और कौन लोग जुड़े हैं।
*एसपी का सख्त बयान*
एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने कहा कि अब पुलिस की कार्रवाई सिर्फ लोकल लेवल तक नहीं रुकेगी। “हम बैकवर्ड लिंकेज के जरिए नशे की सप्लाई की जड़ तक जाएंगे और पूरे नेटवर्क को खत्म करेंगे। ऐसी बड़ी कार्रवाई से ही अंतर्राज्यीय नशा तस्करी पर लगाम लग सकती है।”
ग्रामीण भारत न्यूज -ब्यरो रिपोर्ट





















