आगरा | संवाददाता झसकेतन राजहंस
उत्तर प्रदेश के आगरा में बुधवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। धुलियागंज के धोबीपाड़ा इलाके में अचानक सड़क का एक हिस्सा धंस गया और देखते ही देखते वहां गहरा गड्ढा बन गया। इस दौरान एक बाइक और टोरेंट पावर का कनेक्शन बॉक्स गड्ढे में समा गए। हादसे में बाइक सवार युवक बाल-बाल बच गया।
जानकारी के अनुसार घटना बुधवार तड़के करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क पर पहले से ही हल्का सुराग दिखाई दे रहा था। इसी बीच स्थानीय निवासी आशुतोष कनौजिया अपनी बाइक हटाने के लिए वहां पहुंचे। वह बाइक के पास पहुंचे ही थे कि सड़क का हिस्सा अचानक धंस गया। टोरेंट पावर का कनेक्शन बॉक्स भी गड्ढे में जा गिरा और इसके बाद बाइक भी उसमें समा गई।
आशुतोष ने बताया कि अचानक हुए घटनाक्रम से वह घबरा गए, लेकिन समय रहते गड्ढे से बाहर निकल आए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बिजली की पुरानी लाइन को बदलने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस समस्या की जानकारी पार्षद और संबंधित अधिकारियों को कई बार दी गई, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं की गई।
शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके की पुरानी लाइनें और सड़क की स्थिति लंबे समय से चिंता का विषय बनी हुई है। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की थी। उनका आरोप है कि शिकायतों के बावजूद समस्या को गंभीरता से नहीं लिया गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्रीय पार्षद प्रतिनिधि और नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे। मौके का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया गया और सड़क धंसने के कारणों की जांच शुरू की गई।
सीवर लीकेज को बताया जा रहा संभावित कारण
सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिया गौतम के मुताबिक, रात में हुई हल्की बारिश के दौरान सीवर लाइन में लीकेज होने की वजह से मिट्टी धंसने की आशंका है। नगर निगम की टीम मौके पर पहुंचकर सीवर लाइन की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद सड़क धंसने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल घटनास्थल पर सुरक्षा को लेकर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि दोबारा कोई व्यक्ति गड्ढे की चपेट में न आए। स्थानीय लोगों ने सड़क और सीवर व्यवस्था की जांच कर स्थायी सुधार की मांग की है।
ग्रामीण भारत न्यूज के लिए
संवाददाता झसकेतन राजहंस





















